Zeenat Aman: अभिनेत्री जीनत अमान ने बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन के साथ कल्ट फिल्म “डॉन” के एक व्हीलचेयर सीन की शूटिंग को याद किया और बताया कि ये बेहद मुश्किल था। ये फिल्म 1978 में रिलीज हुई थी, जिसमें जीनत अमान ने रोमा की भूमिका निभाई थी और अमिताभ बच्चन ने एक अंडरवर्ल्ड बॉस ‘डॉन’ और उसके सीधे-सादे हमशक्ल ‘विजय’ का किरदार निभाया था।
जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म डॉन से व्हीलचेयर सीन का वीडियो सीन शेयर किया, अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें अपने हाव-भाव वैसे ही बनाए रखने थे, लेकिन ये उनके लिए एक मुश्किल काम था।
उन्होंने लिखा, “मुझे लगता है कि ‘विंटेज वीडियो वेडनेसडे’ जैसी भी कोई चीज होती है? हां, ये (ओरिजिनल 1978 वाली) फिल्म ‘डॉन’ का वही सीन है – रोमा, जो हमेशा से ही होशियार और निडर रही है, पुलिस को चकमा देकर एक अस्पताल के कमरे से बेहोश डॉन को लेकर भाग निकलती है।”
उन्होंने आगे लिखा, “मैं इस फिल्म की कास्ट और क्रू के कई लोगों के साथ पहले भी काम कर चुकी थी, इसलिए फिल्म बनने के दौरान मैं पूरी तरह से सहज थी। मुझे रोमा का किरदार भी बहुत पसंद आया। वे स्मार्ट, निडर और बहुत ही सहज थी। ऐसी महिला का किरदार कौन नहीं निभाना चाहेगा! अफसोस की बात है कि उस दिन सेट पर सहज रहना बिल्कुल भी आसान नहीं था! आप पूछेंगे क्यों? क्योंकि वे पुरानी-सी व्हीलचेयर और उस पर मिस्टर बच्चन का भारी-भरकम वजन—उसे चलाना बेहद मुश्किल था। मुझे अपने किरदार के लिए चेहरे पर कोई भाव नहीं आने देना था, जबकि असल में मैं अपनी पूरी ताकत लगाकर उसे धकेल रही थी।”
इस फिल्म का निर्देशन चंद्र बरोट ने किया था और रिलीज के समय ये तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म साबित हुई। इससे प्रेरित होकर अभिनेता और फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने ‘डॉन’ शृंखला की फिल्में बनाई। इनमें शाहरुख खान ने डॉन की भूमिका निभाई और प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अमान के निभाए किरदार रोमा को अदा किया, अख्तर एक और ‘डॉन’ फिल्म पर भी काम कर रहे हैं।