IPL 2026: रोहित शर्मा की KKR के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, कुंबले बोले- ग्राउंड पर उनका नया अवतार दिखा

IPL 2026: भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले आईपीएल के नए सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रोहित शर्मा के खेल को देखकर काफी प्रभावित हैं और उन्हें उम्मीद है कि सलामी बल्लेबाज का “2.0 अवतार” मौजूदा सीजन में प्रतिद्वंद्वी टीमों को परेशान करेगा। 38 साल के रोहित शर्मा ने रविवार को आईपीएल के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए 38 गेंदों पर 78 रन बनाए।

कुंबले ने कहा, “रोहित शर्मा अपने ‘2.0 अवतार’ में आ गए हैं और उनकी पारी ने दिखाया कि वो फिर से दबदबा बनाने के लिए तैयार हैं। जिस तरह से उन्होंने गेंद को मैदान के चारों ओर मारा, उससे मुझे उनके पुराने दिनों की याद आ गई।”

उन्होंने कहा, “वरुण चक्रवर्ती, सुनील नारायण और ब्लेसिंग मुजरबानी जैसे गेंदबाजों के खिलाफ छक्के लगाना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने इसे आसान बना दिया। उन्होंने अपनी फिटनेस पर काफी मेहनत की है और जब आप थोड़े समय के ब्रेक के बाद वापसी करते हैं, तो अपनी टाइमिंग और लय वापस पाने में पांच से सात दिन लगते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “यह एक शानदार पारी थी… छक्के लगाना आसान लग रहा था, भले ही बाउंड्री छोटी थीं, फिर भी वो शॉट स्टैंड्स में जा रहे थे। ये पारी दिखाती है कि रोहित गंभीर हैं और उनका यह रूप सभी आईपीएल टीमों के लिए चिंता का विषय होगा।” चोटों के कारण कुछ प्रमुख गेंदबाजों की गैर-मौजूदगी में केकेआर स्पिनर नारायण और चक्रवर्ती पर काफी हद तक निर्भर थी, लेकिन रविवार को दोनों में से कोई भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया।

उन्होंने कहा, “केकेआर सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती पर बहुत ज्यादा निर्भर है और नारायण ने अपने चार ओवरों का कोटा भी पूरा नहीं किया, जो आश्चर्यजनक था।” उन्होंने कहा, “निराशाजनक बात यह थी कि रोहित और रिकेल्टन के आक्रामक बल्लेबाजी करने के दौरान अजिंक्या रहाणे ने उन्हें पावरप्ले में गेंदबाजी के लिए नहीं बुलाया।”

कुंबले ने कहा, “जब तक नरेन गेंदबाजी करने आए, तब तक नुकसान हो चुका था। नरेन और वरुण ही वे गेंदबाज थे जो एमआई को चुनौती दे सकते थे, लेकिन उन्होंने मिलकर पर्याप्त गेंदबाजी नहीं की। यहीं पर केकेआर ने मैच में वापसी करने का मौका गंवा दिया।”

उन्होंने कहा, “उन्हें अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की जरूरत है। उनकी तेज गेंदबाजी यूनिट में अनुभव की कमी दिखती है, लेकिन जब आपके पास दो विश्व स्तरीय स्पिनर हों, तो आपको उनका सही उपयोग करना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *