Noida Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का लोकार्पण किया, एयरपोर्ट को लगभग 11,200 करोड़ रुपये के कुल निवेश से बनाया गया है।
नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी जी का बहुत आभार। हम नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट से यूपी को नई उड़ान मिलेगी। जेवर एयरपोर्ट विकास का उदाहरण है। पिछले 11-12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो कार्ययोजना बनी है, आज हम सबको देखने को मिल रही है। भारत के अंदर पेट्रोलियम उत्पादों का दाम नियंत्रित है। उसकी आपूर्ति स्मूथ बनाई गई है। उस पूरी व्यवस्था में अमेरिका जैसे विकसित देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छूते दिख रहे हैं।
भारत के पड़ोसी देशों में भी पेट्रोलियम उत्पादों के दाम बढ़े हुए हैं, वहां पर अव्यवस्था का माहौल है। उन्हें अपने कार्य की अवधि को कम करना पड़ रहा है, उत्पादन को रोकना पड़ा है। जनता में कोटा सिस्टम लागू करना पड़ा है, लेकिन भारत के पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बनाए रखना, दाम को नियंत्रित करना और कल का ऐतिहासिक निर्णय जो लिया, जिसमें पेट्रोलियम उत्पादों में एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला जो लिया, उसके लिए यूपी की ओर से कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।
नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा, अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है, मैं चाहता हूं कि जो भी उपस्थित है, आप सब करें। इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिए। अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट ऑन करिए। पीएम मोदी की अपील के बाद लोगों ने भी हाथों में मोबाइल लेकर फ्लैश लाइट जलाई। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, अब यहां उपस्थित हर व्यक्ति इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। यह आपकी अमानत है, यह आपका पुरुषार्थ है। इसलिए इसका उद्घाटन आपके हाथों से हो रहा है। पीएम मोदी ने कहा, ‘ये एयरपोर्ट जनता की अमानत है। इसलिए एयरपोर्ट का उद्घाटन आप लोग करेंगे। मौजूद जनता एयरपोर्ट का उद्घाटन करे।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘युवाओं को पता है कि यह जो काम हो रहा है, यह नौजवानों के भविष्य को नई उड़ान देने वाला काम है। आज हम विकसित यूपी, विकसित भारत अभियान का एक नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज देश के सबसे अधिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाले राज्य में से एक हो गया।
पीएम मोदी ने कहा, ‘देश का सबसे बड़ा प्रदेश आज सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाले राज्यों में से एक बन गया है। आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं। पहला: इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा: जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।’
पीएम ने कहा, ‘साथियों यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर, फरीदाबाद इस पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा लाभ होने वाला है। हिंदुस्तान और यूपी का तो होना ही होना है, यह एयरपोर्ट पश्चिम यूपी के किसानों, छोटे और लघु उद्योगों और भारत के नौवजानों के लिए अनेक अवसर देने वाला है। यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही यह विकसित उत्तर प्रदेश की उड़ान का प्रतीक बनेगा।
पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे- PM