Sports: पंजाब के फर्राटा धावक गुरिंदरवीर सिंह ने राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शुरुआती सत्र के आखिरी दिन पुरुषों की 60 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस स्पर्धा में जीत के दावेदार अनिमेश कुजुर को नाटकीय फाइनल में अयोग्य कर दिया गया।
दो दिन के चैंपियनशिप का समापन पुरुषों की 60 मीटर फाइनल से हुआ, जिसमें रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे गुरिंदरवीर सबसे तेज धावक के रूप में उभरे।
25 साल के गुरिंदरवीर इससे पहले 100 मीटर आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी रह चुके हैं। उन्होंने 6.60 सेकंड का समय निकाला और तामिलनाडु की एलकिया दसन के 2018 से कायम 6.67 सेकंड के राष्ट्रीय इंडोर रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) हालांकि इंडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड की आधिकारिक सूची नहीं रखता है।
इस दौड़ में तीन बार फॉल्स्टार्ट (संकेत मिलने से पहले दौड़ शुरू कर देना) हुए, जिसमें तीसरे फॉल्स्टार्ट पर स्थानीय धावक अनिमेश कुजुर को रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे 17,000 क्षमता वाले कालींगा स्टेडियम परिसर में मौजूद दर्शक स्तब्ध रह गए।
अनिमेश 100 मीटर और 200 मीटर आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं, मैदान छोड़ते समय अधिकारियों से बातचीत करते दिखे।