Srinagar: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में बना खानयार इलाका केंद्र शासित प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में से एक है, यह इलाका खय्याम से ख्वाजा बाजार तक फैला हुआ है, जो लाल चौक से करीब चार किलोमीटर दूर नॉर्थ में है।
करीब एक दशक पहले ये इलाका आतंकवाद की चपेट में था, हालांकि अब यहां शांति है, खानयार विधानसभा क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि निर्वाचित उम्मीदवार उनके इलाके में विकास करेगा, साथ ही ऐसी योजनाएं लागू की जाएंगी जिससे गरीबों का विकास हो सके।
इस सीट पर नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने ज्वाइंट उम्मीदवार उतारा है, इसके अलावा पीडीपी और छह निर्दलीय उम्मीदवार भी मुख्य दावेदार हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने अली मोहम्मद सागर को टिकट दिया है। वो इस सीट पर 1996 सेे चार बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।
उधर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने तफजुल मुश्ताक को मैदान में उतारा है, साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले तफजुल मुश्ताक का जमीनी स्तर पर लोगों से काफी जुड़ाव है, श्रीनगर के पूर्व डिप्टी मेयर शेख इमरान इस सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, खानयार में 25 सितंबर को दूसरे दौर में वोट डाले जाएंगे।
उम्मीदवार अली मोहम्मद सागर ने कहा कि “मेरा एक क्वेश्चन है होम मिनिस्टर साहब से कि 165 एमपी थे उनके पहले, आज उनके 250 के करीब हैं, उसमें एक मुसलमान है? ये यहां के मुसलमानों को चुभता है। भारत के लिए हमने कुर्बानियां दी हैं हमेशा और देंगे, लेकिन जो उन्होंने तरीका अपनाया, वो यहां के लोगों को लूज कर रहा है, उनकी जो होनी चाहिए नजदीकियां वो दूर होती जा रही हैं। वो समझता है कि मैंने 370 को खत्म करके मसला यहीं पे खत्म कर दिया है।
पीडीपी उम्मीदवार तफजुल मुश्ताक ने कहा कि “मैं एक हंबल बैकग्राउंड से आता हूं मैं कोई अफलूएंट फैमली से नहीं आता तो जो मुश्किलात हैं, जो परेशानियां लोगों की हैं, वो फर्स्ट हैंड मैंने खुद एक्सपीरियंस की हैं।”