Bikaner: बीकानेर समेत कई जिलों में पड़ने लगा है कोहरा

Bikaner: कपड़ों की कई परतों में लिपटे, सर से पांव तक ढके, कान ढकने वाले इयरमफ और ऊनी टोपियां पहने ये छोटे बच्चे इतनी भयंकर ठंड में भी स्कूल जाने को मजबूर हैं।

बीकानेर में सुबह स्कूली बच्चों के लिए कुछ इस तरह बीती। कड़ाके की ठंड में कांपते हुए, छात्रों ने प्रशासन से शीतकालीन अवकाश घोषित करने की अपील की, क्योंकि घने कोहरे और गिरते तापमान में स्कूल जाना और मुश्किल हो रहा है।

सुबह-सुबह दूर तक देखने में आ रही मुश्किलों की वजह से वाहनों को हेडलाइट जलाकर धीरे-धीरे चलना पड़ा। इसका असर ये हुआ कि बच्चों का समय पर स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को बीकानेर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ समेत राजस्थान के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जिलों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस से थोड़ा ऊपर रहा।

जैसे-जैसे सर्दी बढ़ रही है स्कूली बच्चे शीतकालीन अवकाश घोषित होने की उम्मीद कर रहे हैं क्योंकि इन दिनों सुबह सुबह भारी कोहरा पड़ने लगा है जो दोपहर बाद तक ही छंट पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *