Assam: गुवाहाटी हवाई अड्डे का नया टर्मिनल शुरू, सीएम सरमा ने कहा- पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Assam: असम के गुवाहाटी में स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) पर नए टर्मिनल का वाणिज्यिक परिचालन शुरू हो गया। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने यात्रियों के पहले बैच का स्वागत किया। नए टर्मिनल का औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 दिसंबर को किया था।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी एयरपोर्ट पर नए एकीकृत टर्मिनल का औपचारिक रूप से परिचालन शुरू किया, जो असम के विमानन बुनियादी ढांचे में एक महत्वपूर्ण छलांग है।”

पोस्ट में आगे कहा गया, “इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों के पहले बैच का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे इस क्षेत्र के लिए एक नए और उन्नत यात्रा अनुभव की शुरुआत हुई।” एलजीबीआईए का संचालन करने वाली अदानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के निदेशक जीत अडाणी भी इस मौके पर मौजूद थे।

पूर्ण परिचालन से पहले चेक-इन, बैगेज हैंडलिंग, सुरक्षा और विमान टर्नअराउंड को कवर करने वाले चरणबद्ध लाइव परीक्षणों के बाद परिचालन शुरू किया गया। एक बयान में कहा गया है कि परिचालन की शुरुआत पहले प्रस्थान करने वाले यात्री को औपचारिक बोर्डिंग पास जारी करने और मुंबई से अकासा एयर की एक उड़ान के नए टर्मिनल पर आगमन के साथ हुई।

आगमन प्रांगण में एक पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिसमें कारीगर समुदाय, चाय बागान श्रमिक, अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों ने भाग लिया। यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ अवसंरचना विस्तार को भी दर्शाता है।

इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने गौतम अडाणी को पिछले वर्ष एडवांटेज असम 2.0 के दौरान किए गए 50,000 करोड़ रुपये के निवेश के वादे को पूरा करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, “मुझे भरोसा है कि इस नए टर्मिनल के चालू होने से असम के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। ये राज्य के लिए एक क्रांतिकारी बदलाव होगा। इस नए हवाई अड्डे के टर्मिनल के निर्माण के दौरान असम की संस्कृति का सम्मान किया गया है और एक असमिया के रूप में, हमें इस पर गर्व है।”

जीत अडाणी ने कहा कि ये विस्तार क्षेत्र की बढ़ती मांग और दीर्घकालिक विकास पथ को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा, “आज का दिन महज एक व्यावसायिक उपलब्धि से कहीं अधिक है। यह असम और उत्तर-पूर्वी भारत के लोगों के लिए गौरव का क्षण है। यह प्रधानमंत्री के भविष्य के लिए तैयार बुनियादी ढांचे के दृष्टिकोण और मुख्यमंत्री के असम को उत्तर-पूर्वी भारत के आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने के मिशन के अनुरूप है।”

बयान में कहा गया है कि हाल के वर्षों में नौ मिलियन से अधिक यात्रियों की आवाजाही के साथ एलजीबीआईए यात्री संख्या के हिसाब से देश के शीर्ष 10 से 12 सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शुमार है। विस्तारित 13.1 मिलियन यात्रियों की क्षमता से नए मार्गों को जोड़ने, विमानों की आवृत्ति बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के विस्तार के लिए पर्याप्त गुंजाइश है।

ये हवाई अड्डा 21 घरेलू गंतव्यों और तीन अंतरराष्ट्रीय मार्गों बैंकॉक, पारो और सिंगापुर को जोड़ता है और वर्तमान में रोजाना 130 से अधिक विमानों की आवाजाही (एटीएम) को संभालता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त भारतीय वास्तुकार नूरू करीम द्वारा डिज़ाइन किया गया ये टर्मिनल असम के ‘कोपो फूल’ (फॉक्सटेल ऑर्किड) से प्रेरित है और इसमें 140 मीट्रिक टन से अधिक बांस का इस्तेमाल किया गया है।

इस डिजाइन को क्षेत्रीय पहचान को समकालीन बुनियादी ढांचे के साथ एकीकृत करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय वास्तुकला पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। ये हवाई अड्डा एएएचएल द्वारा अपनी सहायक कंपनी गुवाहाटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के माध्यम से संचालित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *