Gulmarg: जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग का लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट एक बार फिर ताज़ा हिमपात की चादर से ढक गया है। कोंगदोरी और अफरवत की खूबसूरत चोटियां भी बर्फ से ढक गई हैं।
पर्यटक बर्फ से ढके पहाड़ों और शांत वातावरण से घिरे इस मनमोहक शीतकालीन परिदृश्य का आनंद ले रहे हैं।
पहली बार गुलमर्ग पहुंचे कई पर्यटकों ने बताया कि उन्हें इस बात की उम्मीद नहीं थी कि मार्च में बर्फबारी देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जम्मू कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और हल्की से मध्यम बर्फबारी जारी रहेगी, जबकि ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी होने की उम्मीद है।
मार्च के महीने में बर्फबारी के ताजा दौर से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है, क्योंकि अनुमान है कि मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी से बचने के लिए लोग घाटी की वादियों में पहुंचेंगे।