Kerala: कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गर्मी, बेहाल हैं लोग, सप्ताह के अंत में हल्की बारिश के आसार

Kerala:  केरल के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं, मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान लगाया है, अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा होना शुरू हो गया है।

कई जिलों में असामान्य तापमान का असर लोगों की जिंदगी पर पड़ने लगा है। दिहाड़ी मजदूर कहते हैं कि कठिन हालात में शारीरिक श्रम करने से वे काफी थक जाते हैं, दिन के अंत में वे कुछ भी करने लायक नहीं बचते।

तिरुवनंतपुरम जैसे शहरों में घूमने वाले सैलानी भी कहते हैं कि यहां की गर्मी उनके गृहनगरों की मुकाबले कहीं ज्यादा है। गर्मी से राहत पाने, तरोताजा रहने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए लोग नारियल पानी का सहारा ले रहे हैं।

हालांकि, विक्रेताओं का कहना है कि उन्हें नारियल की कमी का सामना करना पड़ रहा है। कच्चा नारियल मिलना मुश्किल हो गया है और स्टॉक में ज्यादातर पके हुए नारियल हैं।

मौसम विभाग ने केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का भी अनुमान लगाया है। इससे सप्ताह के अंत तक गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *